Friday, September 7, 2012

सीएम के रिश्तेदार का बंगला करोड़ का रजिस्ट्री 19 लाख की


भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नजदीकी रिश्तेदार पर भोपाल के पॉश इलाके चूनाभट्टी में 93 लाख 50 हजार का बंगला 19 लाख 59 हजार में खरीदना दिखाकर सरकार को स्टॉम्प डच्यूटी में नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस बारे में मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी में अजय सिंह ने कहा है कि 2009 में हुए इस सौदे से सरकार को स्टॉम्प और पंजीयन शुल्क कम मिला। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से कहा है कि वे राजस्व का नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।

चूनाभट्टी क्षेत्र की आम्रपाली एन्क्लेव का बंगला नंबर 28 श्रीमती ज्योति सिंह नाम खरीदा गया है। वे मुख्यमंत्री के साले संजय सिंह की पत्नी हैं। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में नेता प्रतिपक्ष ने उक्त सौदे का पूरा विवरण दिया है। साथ ही रजिस्ट्री का कॉपी भी संलग्न की हैं। पत्र के अनुसार बंगले का विक्रय-पत्र ज्योति सिंह के पक्ष में 13 जुलाई 2009 को रजिस्टर हुआ था। इसमें कुल विक्रय मूल्य 19,59,016 रुपए दर्शाया गया है। इसमें से 4 लाख 19 हजार 16 रुपए का भुगतान चैक से तथा शेष 15 लाख रुपए नगद दिए गए।

उक्त संपत्ति का वास्तविक बाजार मूल्य बताने के लिए अजय सिंह ने उसी कॉलोनी के समान बंगले के एक अन्य सौदे का उदाहरण दिया है। यह बंगला वर्तमान में भोपाल कमिश्नर प्रवीण गर्ग एवं उनकी पत्नी श्रीमती शालिनी गर्ग ने 17 जून 2010 को एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को बेचा था। यह सौदा 96 लाख रुपए में हुआ। पत्र के अनुसार उक्त दोनों ही बंगले 167.28 वर्ग मीटर के हैं और नक्शे के अनुसार दोनों का ही निर्मित क्षेत्रफल एक है। अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा है कि श्रीमती सिंह के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें।

जितने में बेचा, उतने में खरीदा : संजय सिंह

इस संबंध में बात करने पर संजय सिंह मसानी ने कहा कि मैं टैक्स चोरी क्यों करूंगा। मैंने तो बंगला उतनी ही कीमत में खरीदा है जितने में बिल्डर ने बेचा।

No comments:

Post a Comment