Saturday, October 5, 2013

ईव्हीएम मशीनों का पहला रेण्डमाइजेशन 11 अक्टूबर को

EVM Machine
भोपाल 5 अक्टूबर 2013। विधानसभा निर्वाचन 2013 के लिए जिले में ईव्हीएम मशीनों का पहला रेण्डमाइजेशन 11 अक्टूबर को बेनजीर ग्राउण्ड में प्रातः 7 बजे से राजनैतिक दलों के समक्ष किया जायेगा। राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने आज यह जानकारी देते हुए उनसे रेण्डमाइजेशन के समय मौजूद रहने के लिए कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री वरवड़े आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनैतिक दलों की स्टेडिंग कमेटी की बैठक में विधानसभा निर्वाचन 2013 की तैयारियों और आयोग के निर्देशों की जानकारी दे रहे थे। बैठक में एडीएम श्री बसंत कुर्रे, श्री बी.एस.जामोद,अक्षय सिंह और सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री वरवड़े ने भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2013 के लिए जारी विभिन्न निर्देशों की जानकारी दी। जिले में आयोग के निर्देशानुसार की जा रही कार्रवाई से भी उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को अवगत कराया। मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण 2013 की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सूची का सतत अद्यतीकरण कार्य जारी है। डि-डुप्लीकेशन साफ्टवेयर से प्राप्त सूची की जांच कराई जा रही है।
नाम निर्देशन के एक दिन पूर्व बैंक खाता खोलना जरूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री वरवड़े ने बैठक में बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2013 में निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन के एक दिन पूर्व अपना पृथक खाता बैंक में अनिवार्य रूप से खोलना है।
शिकायत निवारण के लिए प्रकोष्ठ का गठन
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री वरवड़े ने बैठक में बताया कि कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 146 में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का गठन किया गया है जिसमें दूरभाष क्रमांक 2730557, 2730567 पर हंटिंग लाइन के माध्यम से मतदाताओं की शिकायतों का निवारण किया जा रहा है।
बैठक में संपत्ति विरूपण अधिनियम का पालन और आदर्श आचरण संहिता का पालन करने की जानकारी भी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को दी गई। राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा गया कि सभी राजनैतिक दल आदर्श आचरण संहिता का पालन करना सुनिश्चित करें।
बीएलए की नियुक्ति
बैठक में सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि पिछली बैठक में भी राजनैतिक दलों को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलए की नियुक्ति के लिए कहा गया था। दलों से पुनः इसके लिए कहा गया है कि वह जल्दी से जल्दी बीएलए नियुक्त कराएं। बैठक में एमसीएमसी और निगरानी संबंधी समितियों सहित अन्य जानकारी दी गई।



No comments:

Post a Comment