Friday, June 10, 2011

लोकतंत्र की हत्या व संत समाज का अपमान : प्रभात झा

लोकतंत्र की हत्या व संत समाज का अपमान : प्रभात झा
भोपाल, 6 जून 2011। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष प्रभात झा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन कर रहे योग गुरु बाबा रामदेव और उनके समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या व संत समाज का अपमान करार दिया है। वहीं इस घटना के विरोध में पार्टी ने भोपाल सहित सभी जिला मुख्यालयों पर सोमवार से 24 घंटे का सत्याग्रह शुरू किया है।
भोपाल के न्यू मार्केट क्षेत्र में शुरू सत्याग्रह में झा ने कहा, "चार जून की रात में दिल्ली के रामलीला मैदान में केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने निर्दोष लोगों पर पुलिस कार्रवाई के जरिए जो तांडव किया, वो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। पुलिस की इस कार्रवाई से लगा कि अब देश में जनता को अपनी बात कहने का भी अधिकार नहीं रहा।"
उन्होंने कहा, "रात के अंधेरे में महिलाओं, बच्चों और साधु संत लोगों के साथ हुई घटना बेहद दुखद है। इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं। देश में एक बार फिर कहीं अघोषित आपात काल तो नहीं लगा दिया गया है। बाबा रामदेव को दिल्ली में हुई बर्बर कार्रवाई पर यहां तक कहना पड़ा है कि अगर उनकी मौत होती है तो, इसके लिए केंद्र सरकार व कांग्रेस अध्यक्ष जिम्मेदार होंगे।"
प्रदेश भाजपा ने कहा कि केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर भाजपा ने 24 घंटे के सत्याग्रह का आयोजन किया है। यह सत्याग्रह मंगलवार सुबह 10 बजे तक चलेगा। उसके बाद आगामी रणनीति का ऐलान किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा इकाई की तरफ से घोषित कार्यक्रम के अनुसार भोपाल सहित सभी इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सहित सभी जिला मुख्यालयों पर सोमवार सुबह 10 बजे से सत्याग्रह शुरू हो गया। सत्याग्रह 24 घंटे तक चलेगा। इसमें पार्टी सांसद व विधायक सहित तमाम नेता भाग ले रहे हैं।

No comments:

Post a Comment