Friday, February 8, 2013

मंत्रालय के कर्मचारियों का वेतनमान बढ़ा मंत्रिपरिषद का निर्णय

भोपाल 07 फरवरी 2013।  राज्य मंत्रिपरिषद ने गुरुवार को राज्य मंत्रालय वल्लभ भवन के सहायक गे्रड 3 के कर्मचारियों के वेतनमान में इजाफा कर दिया है। तृतीय श्रेणी सहायक ग्रेड 3 को बीस साल की सेवा उपरान्त द्वितीय उच्चतर समयमान वेतनमान  4500 से 7000 रुपए वेतनमान के स्थान पर अब 5500 से 9000 रुपए वेतनमान मिलेगा। यह वेतनमान इस संवर्ग का पदोन्नति वेतनमान भी है। मंत्रालय के कर्मचारी संगठनों द्वारा काफी समय से इस संबंध में मांग की जा रही थी। कर्मचारियों द्वारा वेतनमान के संबंध में समय-समय पर मुख्यमंत्री, जीएडी राज्य मंत्री,वित्त मंत्री एवं मुख्य सचिव का ध्यान आकृष्ट किया गया था।
राज्य शासन द्वारा कर्मचारी हितैषी बड़ा निर्णय लेते हुये मंत्रालय के लिपिक संवर्गीय कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया गया है। इस निर्णय से मंत्रालय के सहायक ग्रेड-3 के साथ ही ऐसे सहायक ग्रेड-1 एवं सहायक ग्रेड-2 भी लाभान्वित होंगे जो बीस वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने के बाद भी लाभ से वंचित रहे हैं।
आम बजट पर हुई चर्चा 
इसके अलावा कैबिनेट ने करीब एक लाख हजार करोड़ रुपए के वर्ष 2013 14 के बजट प्रस्तावों के प्रारूप पर भी चर्चा की। वर्ष 2012-13 के तीसरे पूरक बजट पर भी विचार किया गया। बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई।
सिर्फ पांच सौ कर्मियों को लाभ :
केबिनेट द्वारा वल्लभ भवन स्थित मंत्रालय के ही सहायक ग्रेड-3 कर्मियों को 5500-9000 वेतनमान का लाभ दिया गया है। इस लाभ को प्राप्त करने वालों की संख्या करीब पांच सौ है। लेकिन मंत्रालयीन कर्मियों की तरह विधानसभा सचिवालय के कर्मियों को यह लाभ नहीं मिला है। विस कर्मियों को इसका लाभ स्पीकर के निर्णय से मिलेगा।
कर्मचारी संघ द्वारा स्वागत :
इधर मप्र तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने मंत्रालय के सहायक ग्रेड-3 कर्मियों को 5500-9000 वेतनमान दिये जाने के निर्णय का स्वागत किया है।

No comments:

Post a Comment