Saturday, March 12, 2011

कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू

कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू
उज्जैन। 12 मार्च 2011। भाजपा की दो-दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति का शुभारंभ करते हुए मध्यप्रदेश प्रभारी और केन्द्रीय नेता अनंतकुमार ने कहा कि आने वाले दिन भाजपा के हैं। कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा का दिल्ली का राजमार्ग भोपाल से होकर होगा। आपने दावा किया कि मध्यप्रदेश में भाजपा हैट्रिक करेगी और अगली बार 200 सीटें लाएगी।
अनंतकुमार ने हरिफाटक क्षेत्र के मित्तल एवेन्यू होटल परिसर में कार्यसमिति के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए संतोष व्यक्त किया कि प्रदेश में संगठन और सरकार के मध्य अच्छा समन्वय है। पार्टी ने उज्जैन नगर निगम और दोनों उप चुनाव में विजय हासिल की है। भाजपा केवल सत्ता पाने की पार्टी नहीं है वरन् आज जनता की पार्टी है। हम प्रदेश में लगातार तीसरी बार भी सरकार बनाएंगे और कम से कम 200 सीटें जीतेंगे। आपने कहा कि बिहार में भाजपा को 91 सीटों की बड़ी सफलता केवल मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण मिली है।
अनंतकुमार अपने संबोधन के आधे से अधिक समय कांग्रेस को उलाहने देने में व्यस्त रहे। ऐसा लगा कि उन्हें कांग्रेस का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, काला धन और मंहगाई के कारण कांग्रेस की छवि धूमिल हो गई है। मुद्रास्फीति 16 प्रतिशत हो गई है, जो भाजपा शासन में 2 से 3 प्रतिशत थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह का नाम लेते हुए कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व में अंतर्विरोध शुरू हो गया है। बहुमत के बावजूद प्रधानमंत्री को लेकर आवाजें उठने लगी हैं। यूपीए गठबंधन टूटा है। बिखराव शुरू हो गया है। कांग्रेस हर चुनाव हार रही है। तमिलनाडु में डीएमके वापस सत्ता में नहीं लौटेगी। बिहार चुनाव के बाद राहुल गांधी मेजिक समाप्त हो गया है। आगे आने वाले दिन भाजपा के है। प्रदेश के वित्तीय बजट की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश के लिए उदाहरण है। एक प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण दिया जा रहा है, जो अनूठा है। लाड़ली और भाग्यलक्ष्मी योजनाएं अभिनव हैं। आपने कहा कि 25 मार्च को संसद में गांधी प्रतिमा पर कांग्रेस कुशासन को लेकर भाजपा धरना देगी और फिर एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मिलेगा। 1 से 15 जून तक प्रदेश के सभी ब्लॉक स्तरों तक इसी मुद्दे को लेकर रैलियां निकाली जाएगी। आपने कहा कि मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा है।
इसके पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा ने अपने 7 पेजी भाषण की शुरूआत कवि, साहित्यकार डॉ. शिवमंगलसिंह सुमन की कविता ??मैं शिप्रा सा सरल-तरल बहता हूँ?? से की। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार की न साख बची न धाक। मुखिया मनमोहन सिंह की किरकिरी हो रही है। मध्यावधि चुनाव की चर्चा शुरू हो चुकी है। देश भाजपा की ओर आशा से देख रहा है। कुक्षी और सोनकच्छ की जीत से भाजपा की साख बढ़ी है। उन्होंने कहा कि संगठन में सकारात्मक राजनीति की पहल प्रारंभ की गई है। समृद्धि दिवस से भाजपा को जनता में सराहना मिली है। आपने केन्द्र सरकार से आग्रह किया कि राज्य शासन द्वारा भेजे गए भोपाल को भोजपाल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे। पराजित सीटों पर भाजपा और परिश्रम करेगी। शुभारंभ समारोह मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह सहित 11 अतिथि मौजूद थे जिनमें केन्द्रीय नेता थावरचंद गेहलोत, नरेन्द्रसिंह तोमर, फगनसिंह कुलस्ते, संगठन मंत्री अरविंद मेनन, तनवीर एहमद, महापौर रामेश्वर अखण्ड और नगर अध्यक्ष अनिल जैन, कालूहेड़ा भी शामिल थे। संगठन मंत्री रहे माखनसिंह, भगवतशरण माथुर, कप्तानसिंह और पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा, कैलाश जोशी, बाबूलाल गौर, सांसद सुमित्रा महाजन और मायासिंह प्रतिनिधि के रूप में विशेष रूप से मौजूद थे।
Date: 12-03-2011

No comments:

Post a Comment