
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित कई नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अर्जुनसिंह के निधन पर शोक जताया है और उन्हें ‘ऊँचे व्यक्तित्व’ वाला व्यक्ति बताया है।
अपने शोक संदेह में पाटिल ने कहा कि सिंह मध्यप्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहने के साथ ही पंजाब के उस समय राज्यपाल रहे, जब यह राज्य मुश्किल दौर में था। राष्ट्रपति ने कहा कि संसदीय बहस में सिंह के योगदान का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें 2000 में सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार दिया गया। देश और मध्यप्रदेश ने आज एक ऊँचे कद वाले व्यक्तित्व को खो दिया है।
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने अर्जुनसिंह की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि वे एक सक्षम प्रशासक, अनुभवी व्यवस्थापक और लोगों के साथ मजबूत रिश्ते वाले नेता थे। उन्होंने अपने समय में मानव संसाधन विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय का जिम्मा संभाला।
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने भी सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथसिंह ने भी अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं। आडवाणी ने एक बयान में कहा कि अर्जुनसिंह की मृत्यु की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी हूँ। उनकी मृत्यु से भारतीय राजनीति ने एक ऐसी हस्ती को खो दिया है, जिन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कई उत्तरदायित्वों का निर्वाह किया और मध्यप्रदेश और देश की सेवा की।
अपने शोक संदेश में रेलमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि देश ने आज एक महान नेता को खो दिया है, जिसने समाज के निचले तबके लिए बहुत कुछ किया था। इस्पात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेनी प्रसाद वर्मा ने सिंह की पत्नी सरोजदेवी को संबोधित करते हुए अपने शोक संदेश में कहा कि सिंह की मौत के बाद देश की राजनीति में एक खाली स्थान पैदा हो गया है। कांग्रेस पार्टी और देश के निर्माण में उनकी महत्ता अविस्मरणीय और अपूरणीय है।
कानून मंत्री वीरप्पा मोइली, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्रसिंह हुड्डा और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने भी अर्जुन सिंह की मृत्यु पर अपना शोक प्रकट किया है।
लोक जनशक्ति पार्टी प्रधान रामविलास पासवान ने अपने शोक संदेश में कहा कि सिंह की मौत के बाद राजनीति में मैंने अपना अभिभावक और मार्गदर्शक खो दिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि सिंह के निधन से कांग्रेस ने अपना एक अनुभवी नेता खो दिया है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों के उत्थान के लिए बहुत काम किया। संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई नहीं हो सकती।
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा कि सिंह का निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति और कांग्रेस पार्टी के व्यापक हितों में अर्जुनसिंह ने हमेशा अपना स्पष्ट मंतव्य रखा।
कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया है। सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनसेवा का पाठ उन्होंने अर्जुनसिंह से ही सीखा है।
उन्होने कहा कि गरीबों, पिछड़ों और असहाय लोगों के दुख-दर्द दूर करने के लिए उनका दिल हमेशा धड़कता रहता था। इस दिशा में प्रदेश में तेंदू पत्ता संग्राहक आदिवासियों के लिए इस व्यापार के सहकारीकरण तथा झुग्गीवासियों को पट्टे देने के ऐतिहासिक कदम के लिए उनके योगदान को सदा याद किया जाता रहेगा।
No comments:
Post a Comment