
हैदराबाद। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी [माकपा] के पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी ने पार्टी सदस्यों से 'प्रतिक्रियावादी बलों' के हमलों को मात देते हुए आज वामदलों को देश में पुनर्जीवित करने का आह्वान किया।
येचुरी ने माकपा की आंध्र प्रदेश समिति की बैठक में रविवार को कहा कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, कारपोरेट मीडिया, माओवादी, गैर सरकारी संगठन और दक्षिणपंथी प्रतिक्रियावादी बलों ने वामदलों को राजनीतिक रूप से एकल करने, अधिकारहीन बनाने और कमजोर करने के लिए प्रायोजित हमला बोल रखा है।
उन्होंने कहा कि हमें न केवल इन हमलों का डटकर मुकाबला करना है बल्कि उन्हें मात देनी है क्योंकि [हमारे अलावा] कोई अन्य बल उन आर्थिक नीतियों से मुकाबला नहीं कर सकता जो कई तरह से लोगों पर अतिरिक्त बोझ बनी हुई हैं।
येचुरी ने कहा कि प्रतिक्रियावादी बलों के प्रयास को मात देने के लिए वामदल खासकर माकपा चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र को पेट्रोलियम पदार्थों पर कर के रूप में 20 लाख करोड़ रुपये हासिल होते हैं। माकपा नेता येचुरी ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो की लगातार बढ़ती कीमतों की वजह ज्यादा कर लगाना है। इस कारण से पिछले एक साल में आवश्यक वस्तुओं के दामों में औसतन 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हुआ है। उन्होंने कहा कि केवल वामदल इन जन विरोधी नीतियों का डटकर सामना करते हुए सरकार की दबाव बना सकते हैं।
माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य और राज्य सचिव बीवी राघावुलू राज्य सरकार पर बरसते हुए किसान सहित समाज के हर तबके को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
No comments:
Post a Comment