Friday, December 31, 2010

मस्जिद की मांग करने वाले हिंदुओं के शत्रु


जालौन। विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री डा.प्रवीण भाई तोगड़िया ने अयोध्या में रामजन्मभूमि मंदिर स्थल पर मस्जिद बनाने की मांग करने वालों को बाबर की तरह भारत और हिंदुओं का शत्रु बताया। उन्होंने कहा कि बाबर के नाम पर इस देश में किसी भी मस्जिद का निर्माण स्वीकार नहीं होगा।

भाजपा नेता अरविंद सिंह चौहान के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए डा.तोगड़िया ने कहा कि बाबर ने राम जन्मभूमि मंदिर को तोप से तुड़वाकर मस्जिद बनवायी थी। भारत सरकार ने पुरातत्व विभाग से उक्त स्थल की जब खुदाई करायी तो वहां मंदिर के अवशेष रूप में 54 खंभे निकले थे। फिर भी एक वर्ग उस जगह कानून का सहारा लेकर मस्जिद बनवाना चाहता है।

उन्हे यह विचार करना चाहिए कि हिंदुओं के साथ उनका व्यवहार शत्रुता का रहेगा या मित्रता का। तोगडि़या बोले यदि रामजन्मभूमि स्थल पर मस्जिद निर्माण की जिद न छोड़ी गयी तो बात बहुत दूर तक जायेगी। इसके बाद धार्मिक मान्यता की आड़ में किसी वर्ग के एक से अधिक विवाह करने की अनुमति नहीं रहने दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए वे जनजागरण अभियान के तहत अभी तक पांच हजार यज्ञ सभाओं को संबोधित कर चुके है। साथ ही सभी पार्टियों के हिंदू सांसदों से संपर्क कर रहे है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में बुंदेलखंड के एकमात्र प्रतिनिधि प्रवीण जैन सहित जिन सांसदों से उनकी बात हुई सभी ने निजी तौर पर उनके अभियान का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर के मामले में ढुलमुल नीति की वजह से देश के एक और विभाजन का खतरा मंडरा रहा है। गिलानी पाकिस्तान परस्त हैं। उन्हे महत्व देने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के युवा महासचिव राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके अंदर जिन्ना की आत्मा प्रवेश कर गयी है।

No comments:

Post a Comment