Friday, October 8, 2010

रामकृष्ण मिशन को महाराजा अग्रसेन एवं विद्याभारती को महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय

शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाली सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जायेगा - संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकान्त शर्मा
Bhopal:Friday, October 8, 2010:


संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकान्त शर्मा ने कहा है कि मध्यप्रदेश में शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सामाजिक संस्थाओं को राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जायेगा। इन संस्थाओं को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जायेगी। संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकान्त शर्मा आज भोपाल के भारत भवन में मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित राष्ट्रीय सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने वर्ष 2009-10 के महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान से रामकृष्ण मिशन बेल्लूर मठ एवं महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान से विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान को सम्मानित किया। इस सम्मान को रामकृष्ण मिशन के महासचिव श्रीमन्त प्रभानंद जी एवं विद्या भारती शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री श्री नरेन्द्रजीत सिंह रावल ने प्राप्त किया। दोनों संस्थानों को सम्मानस्वरूप दो-दो लाख रुपये एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की गई।

संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संस्कृति विभाग संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को विभिन्न सम्मान प्रदान कर रहा है। संस्कृति विभाग ने पूर्व में यह तय किया कि समाज में समानता, सद्भाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली व्यक्तियों एवं संस्थाओं को महाराज अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाये। महाराजा अग्रसेन अग्रवाल समाज के युग पुरूष रहे हैं। उन्होंने प्रजातांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी है। महाराजा अग्रसेन के विचारों के अनुरूप रामकृष्ण मिशन ने सामाजिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता की समाज में एक मिसाल दी है। रामकृष्ण मिशन की 140 से अधिक शाखाएं सेवाभाव के साथ सामाजिक कार्य कर रही हैं।

विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों की चर्चा करते हुये संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान समाज के प्रत्येक क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अन्य सामाजिक संगठन भी इन संस्थानों से प्रेरणा लेकर समाज उत्थान के कार्य में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

कार्यक्रम को रामकृष्ण मिशन के महासचिव स्वामी प्रभानंद जी एवं विद्या भारती के राष्ट्रीय महामंत्री श्री नरेन्द्रजीत सिंह रावल, प्रमुख सचिव संस्कृति श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रख्यात शास्त्रीय गायक श्री रतनमोहन शर्मा ने भजनांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में डा. रश्मि राठौर तिवारी के निर्देशन में दुर्गा सप्तशती डांस बैले की प्रस्तुति दी गई। इन दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्कृति संचालक श्री श्रीराम तिवारी ने इन पुरस्कारों के बारे में जानकारी दी।



मु

No comments:

Post a Comment