Friday, October 8, 2010

महिला पहलवान अलका तोमर और अनिता ने कॉमनवेल्थ के पाँचवें दिन स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान बटोरा


महिला पहलवान अलका तोमर और अनिता ने कॉमनवेल्थ के पाँचवें दिन स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान बटोरा और इस तरह भारत ने शुक्रवार को छह स्वर्ण समेत 12 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

कुश्ती के अलावा भारत को शुक्रवार को निशानेबाजी में तीन और तीरंदाजी में भी एक स्वर्ण मिला। भारत के नाम अब 20 स्वर्ण पदक हो गए हैं। इंग्लैंड तीसरे और कनाडा चौथे स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया ने अजेय बढ़त बना ली है। उसके 47 स्वर्ण, 24 रजत और 27 काँस्य हैं, जबकि भारत के 20 स्वर्ण, 15 रजत और 12 काँस्य पदक हैं। इंग्लैंड के 18 स्वर्ण, 35 रजत और 17 काँस्य हैं, वहीं कनाडा के 14 स्वर्ण, पाँच रजत और 20 काँस्य पदक हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में भारत ने सर्वाधिक 30 स्वर्ण मैनचेस्टर में 2002 में जीते थे जबकि मेलबर्न में उसके नाम 22 स्वर्ण रहे।


NDविश्व चैम्पियन गगन नारंग ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पेयर्स में इमरान हसन खान के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि पिस्टल निशानेबाज विजय कुमार (25 मीटर रैपिड फायर व्यक्तिगत) और ओंकार सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में अव्वल रहे।

महिला रिकर्व टीम (डोला बनर्जी, बोंबायला देवी और दीपिका कुमारी), महिला पहलवान अलका तोमर (59 किलो फ्रीस्टाइल) और अनिता (67 किलो फ्रीस्टाइल) ने भी पीले तमगे हासिल किए।

वहीं, कविता राउत कॉमनवेल्थ की ट्रैक स्पर्धा के व्यक्तिगत वर्ग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई, जिसने 10000 मीटर की दौड़ में काँस्य पदक अपने नाम किया।

ट्रैप निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू और मनशेर सिंह ने पेयर्स ट्रैप में रजत पदक जीता जबकि पिस्टल निशानेबाज विजय कुमार 25 मीटर रैपिड फायर में दूसरे स्थान पर रहे। महिला पहलवान बबीता कुमारी ने 51 किलो वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

राइफल निशानेबाज गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा में भारतीय तीरंदाज राहुल बनर्जी, जयंत तालुकदार और तरूणदीप राय को काँस्य पदक मिला।

राइफल निशानेबाज नारंग ने भारत का स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए इमरान के साथपुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन का स्वर्ण पदक जीता। नारंग ने इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत और पेयर्स में पीला तमगा हासिल किया था। उसने खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया। इमरान और उसने 2325 अंक बनाये जिसमें नारंग का योगदान 1167 अंक का था जो एक नया रिकॉर्ड है।

ओंकार ने दस मीटर एयर पिस्टल में 681.8 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता जो उसका तीसरा स्वर्ण पदक है। रिकर्व वर्ग में महिला तीरंदाज तिकड़ी ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 207.206 से हराकर भारत को इस स्पर्धा का पहला स्वर्ण दिलाया । इससे पहले महिला टीम मलेशिया को 213.185 से हराकर फाइनल में पहुंची थी।

पुरूष वर्ग में हालांकि भारतीय टीम ने निराश किया और रिकर्व वर्ग का काँस्य ही जीत सके। बनर्जी, राय और तालुकदार को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सेमीफाइनल में 216.211 से हराया । तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में भारतीयों ने इंग्लैंड को 207.206 से मात दी।

जिम्नास्टिक में भारत के आशीष कुमार ने कलात्मक श्रेणी के वोल्ट वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत को एक अप्रत्याशित पदक दिलाया। टेबल टेनिस में महिला टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पौलोमी घटक, के शमिनी और मोउमा दास को फाइनल में सिंगापुर के खिलाड़ियों ने 3-0 से हराया।

गत चैम्पियन भारतीय पुरूष टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड से 1-3 से हार गई। ओलंपियन अचंता शरत कमल की अगुवाई वाली भारतीय टीम का सामना अब काँस्य के लिए नाईजीरिया से होगा।

टेनिस में भारत को करारा झटका लगा जब लिएंडर पेस और महेश भूपति की अनुभवी जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के पाल हेनरी और पीटर लुजाक से 2-6, 2-6 से हार गई। अब वे रोहन बोपन्ना और सोमदेव देवबर्मन से काँस्य पदक के लिए भिड़ेंगे। इससे पहले सोमदेव और सानिया मिर्जा ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वियों को हराकर एकल वर्ग के फाइनल में पहुँच गए।

सोमदेव ने तीसरी वरीयता प्राप्त मैथ्यू एबडेन को 6-3, 6- 1 से हराया जबकि सानिया ने छठी वरीयता प्राप्त ओलिविया रोगोवस्का को 1-6, 6-4, 6- 4 से हराया।

महिला हॉकी टीम ने पदक की उम्मीदें बरकरार रखते हुए पूल ए में त्रिनिदाद और टोबैगो को 7- 0 से हराया। अब उसे सेमीफाइनल में पहुँचने के लिए कल दक्षिण अफ्रीका को बड़े अंतर से हराना होगा।

मुक्केबाजी में एशियाई रजत पदक विजेता जय भगवान (60 किलो) ने तंजानिया के नासिर माफुरू को 11- 2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं औलिम्पिक और विश्व चैम्पियनशिप काँस्य पदक विजेता विजेंदर सिंह (75 किलो) ने कीनिया के डिक ओंबाका को महज पाँच मिनट और दो दौर में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

उनसे पहले अमनदीप सिंह (49 किलो), सुरंजय सिंह (52 किलो) और मनोज कुमार भी अंतिम आठ में पहुँच चुके हैं। भारोत्तोलन में चंद्रकांत माली पुरुषों के 85 किलोवर्ग में चौथे स्थान पर रहे।

1 comment:

  1. हमें गर्व है इन खिलाडियों पर ।

    ReplyDelete