Wednesday, January 26, 2011

कश्मीर में नया तमाशा, भाजपाई-अलगाववादी गिरफ्तार


श्रीनगर। कश्मीर में गणतंत्र दिवस की परेड शांतिपूर्ण ढंग से खत्म होने के बाद एक नया तमाशा शुरू हो गया है। कश्मीर में लाल चौक पर जबर्दस्ती झंडा फहराने के प्रयास में सुरक्षा बलों ने कुछ अलगाववादी नेताओं समेत कुछ भाजपाई कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया है।

कश्मीर में 3 अलगाववादी नेताओं को जबकि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के यासिन मल्लिक, नरमपंथी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस नेता बिलाल लोन और शहीदुल इस्लाम सहित करीब दर्जन भर उनके समर्थकों को मैसूमा इलाके में गिरफ्तार किया गया।

इसके पहले पुलिस ने 7 भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन्हें श्रीनगर के मुख्य कारोबारी केंद्र लाल चौक की ओर बढ़ते हुए गिरफ्तार किया था। श्रीनगर में लाल चौक के निकट होटल से निकलते ही छह भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य कार्यकर्ता को लाल चौक से सटे रेजीडेंसी रोड पर गिरफ्तार किया गया। उसके हाथ में एक तिरंगा और एक भाजपा का झंडा था।

बुधवार को भाजपा और जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) की प्रस्तावित रैली को देखते हुए लाल चौक के आस पास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अधिकारियों ने शहर में कर्फ्यू जैसी पाबंदी लगा दी थी। श्रीनगर में बख्शी स्टेडियम में राज्य के वित्तमंत्री अब्दुल रहीम राठेर ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़कों को पूरी तरह सील कर दिया गया था और कार्यक्रम में सिर्फ पास के आधार पर प्रवेश की सुविधा दी गई थी। परेड के बाद स्टेडियम मे सांस्कृति कार्यक्रम भी आयोजित हुए।

No comments:

Post a Comment