Friday, November 26, 2010

भाजपा के कार्यकर्ता गौरव दिवस के जवाब में समाजवादी पार्टी ने 29 नवम्बर को प्रदेश भर में धिक्कार दिवस मनाने

भोपाल। भाजपा के कार्यकर्ता गौरव दिवस के जवाब में समाजवादी पार्टी ने 29 नवम्बर को प्रदेश भर में धिक्कार दिवस मनाने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि 29 तारीख को वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वादों की सच्चाई जनता के सामने पेश करेगी।

मप्र में सीमित असर रखने वाली समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुनीलम ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चौहान सरकारी पैसे से अपनी प्रशसा कराने में लगे हैं। 'कार्यकर्ता गौरव दिवस' के नाम पर जनता के धन की बर्बादी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 29 नवम्बर को सपा पूरे प्रदेश में धरना, प्रदर्शन एवं सभाएं करेगी। मुख्यमंत्री का खोखलापन जनता के बीच उजागर किया जाएगा।

सुनीलम ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर रोज चार किसान आत्महत्या कर रहे हैं और आठ महिलाओं के साथ प्रतिदिन बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। कुपोषण से रोजाना 280 बच्चे मारे जा रहे हैं। बाल अपराध में मप्र अग्रणी है और भुखमरी में दुखद स्थिति है। देश में औसत भूख सूचकांक 23 फीसदी के करीब है, जबकि मप्र का लगभग 31 फीसदी। निराश्रित पेंशन भी देश के अन्य राज्यों से कम ही है।

सपा नेता ने यह आरोप भी लगाया कि मप्र में भू माफिया, शराब, खनिज और परिवहन माफिया पूरी तरह हावी है। 9 मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में प्रकरण है, लेकिन सभी मंत्री अपने पदों पर बने हुए हैं। किसानों का बुरा हाल है। गांवों को बिजली नहीं मिल रही है और खाद महंगी हो गई है।

ज्ञात हो कि आगामी 29 नवम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री हैं। उनके पूर्व प्रदेश में जितने भी गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री हुए हैं, वे पांच साल इस पद पर नहीं रह पाए। लिहाजा भाजपा ने चौहान का सम्मान करने का कार्यक्रम बनाया है। इसमें सूबे से पार्टी के एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के भोपाल पहुंचने की संभावना है। पार्टी ने इस हिसाब से तैयारियां भी की हैं।

यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी भाजपा के इस आयोजन का विरोध किया है और पार्टी उस दिन शर्म दिवस मनाएगी।

No comments:

Post a Comment