Sunday, November 21, 2010

राम मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान का परिचायक: राम माधव

राम मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान का परिचायक: राम माधव

नई दिल्ली। नवम्बर 21, 2010। भगवान श्री राम भारत के चरित्र, राष्ट्रीय एकता तथा देश की सभ्यता व संस्क्रति के परिचायक हैं। उनकी जन्म भूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर से भारत के स्वाभिमान की पुन: प्रतिष्ठा होगी। अब केन्द्र सरकार को राम मन्दिर के लिए अधिग्रहित 67 एकड भूमि अबिलम्ब राम लाला को दे देनी चाहिए।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की केन्द्रीय कार्यकारिणी के सदस्य श्री राम माधव ने “अयोध्या मंदिर निर्माण से राष्ट्र निर्माण” विषय पर दक्षिणी दिल्ली के इस्कोन मंदिर औडिटोरियम के खचाखच भरे सभागार में कहा कि अयोध्या में भगवान राम का यह मंदिर सिर्फ़ एक मन्दिर न होकर राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा तथा भारत को राम राज्य की ओर लौटाने में मील का पत्थर साबित होगा। न्यायालय के निर्णय के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत की आस्था व विश्वास के साथ पूर्ण रूप से वैज्ञानिक तत्थ्यों तथा पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर तीनों जजों ने एक बात तो संयुक्त रूप से स्वीकारी है कि यह भूमि राम लला की है। इसे देश का दुर्भाग्य ही कहेंगे कि भगवान राम को स्वयं अपने भक्तों के लिए न्यायालय जाना पडा किन्तु तो भी, न्यायालय ने उनके भक्तों को मंदिर बनाने की अनुमति दे दी है। अब सरकार की बारी है कि वह मंदिर के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराए।
मन्दिर निर्माण की समय सीमा सम्बन्धी एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि निर्माण सम्बन्धी पत्थर व अन्य सामग्री अधिकांश रूप से तैयार है। अब तो सरकार की तरफ़ से ही ढिलाई है जिसके लिए जन शक्ति को जगाने की आवश्यकता है। हनुमत शक्ति जागरण का जो कार्यक्रम देश भर में चल रहा है उससे एक बडी शक्ति खडी होगी तथा मन्दिर के मार्ग की समस्त बाधाएं दूर होगीं। एक और प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संघ देश में कहीं भी बाबर के नाम की मस्जिद नहीं बनने देगा। भगवा आतंकवाद के एक सवाल पर कहा कि संघ स्वयं को समाप्त कर सकता है किन्तु देश पर आंच नहीं आने देगा। संघ ने बहुत झेला है और झेल लेगा।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के दक्षिणी दिल्ली के संपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस गोष्ठी में संघ के प्रान्त सह संघ चालक श्री श्याम सुन्दर, विभाग संघ चालक श्री सुमन धीर, संपर्क प्रमुख श्री भारत, विहिप के प्रांत मीडिया प्रमुख श्री विनोद बंसल, दिल्ली नगर निगम के अनेक पार्षद व जन प्रतिनिधियों के साथ अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में विभाग सह संघ चालक श्री दीपक राठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

No comments:

Post a Comment