Sunday, February 27, 2011

लाल परेड ग्राउंड पर आज संध्या बिखरेगी भारतीय संस्कृति की अदभुत छटाएं (राजाभोज राज्यारोहण सहस्त्राब्दी समारोह)

लाल परेड ग्राउंड पर आज संध्या बिखरेगी भारतीय संस्कृति की अदभुत छटाएं (राजाभोज राज्यारोहण सहस्त्राब्दी समारोह)

संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत ने तैयारियों का जायजा लिया
Bhopal: Sunday, February 27, 2011:


मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लिये 28 फरवरी का दिन एक गौरवमय दिवस है। इस दिन यहां महान कालजयी प्रतिभा राजा भोज के राज्यारोहण का सहस्त्राब्दी समारोह पूरी गरिमा के साथ आयोजित होने जा रहा है। इतिहास की महान भारतीय परम्पराओं से लोगों को अवगत कराने 28 फरवरी की संध्या लाल परेड ग्राउंड में रंगारंग संस्कृति संध्या का आयोजन भी किया गया है। इतिहास से प्रेरणा पाने और ऐतिहासिक परम्पराओं से जुड़ने के इस अनूठे आयोजन को सफल बनाने के लिये भव्य तैयारियां की गई है।

संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने लाल परेड ग्राउंड पर राजा भोज राज्यारोहण सहस्त्राब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित होने जा रही भव्य सांस्कृतिक संध्या की पूर्व तैयारियों का आज शाम जायजा लिया। उन्होंने यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिये किये गए पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया और इसमें बड़ी तदाद में भागीदारी कर रहे कलाकारों की हौसला अफजाई कर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संचालक, संस्कृति श्री श्रीराम तिवारी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। लाल परेड ग्राउन्ड पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ 28 फरवरी की शाम को सात बजे दीप प्रज्जवलन और मध्यप्रदेश गीत के साथ होगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता श्री कबीर बेदी राजा भोज का परिचय प्रस्तुत करेंगे और कार्यक्रम का संचालन भी करेंगे। इसके बाद राजा भोज के तेल चित्र का अनावरण होगा और वाराणसी से आये विद्ववान पंडितजन वेद मंत्रोच्चार के साथ वेद पाठ और स्वस्ति वाचन करेंगे। शंख ध्वानि और पायरो तकनीक की आतिशबाजी के साथ राज्यारोहण प्रस्तुति आरम्भ होगी। इस नृत्य प्रस्तुति में करीब 600 से अधिक कलाकार भव्य मंच पर एक साथ प्रस्तुति देंगे।

समारोह के मुख्य मंच पर अतिथियों के स्वागत और उद्बोधन के पश्चात आकर्षक लेजर शो के द्वारा राजा भोज के जीवन का सजीव चित्रण ध्वनि प्रकाश माध्यम से किया जायेगा। इसके पश्चात इंडिया टेलेंट हंट के प्रथम विजेता विख्यात प्रिंस ग्रुप द्वारा दशावतार और कृष्णावतार कार्यक्रम की प्रस्तुति की जायेगी। प्रसिद्ध संगीतकार श्री शिवमणि (चेन्नई) और प्रख्यात पार्श्व गायक श्री सुखविंदर मुम्बई द्वारा गीत-संगीत की मधुर प्रस्तुति इस कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण होगी। अंत में प्रिंस ग्रुप द्वारा स्प्रिट ऑफ फ्रीडम कार्यक्रम की प्रस्तुति और विश्व प्रसिद्ध अमीर मोरानी फायवरर्वक्स द्वारा की जाने वाली नयनाभिराम आतिशबाजी के साथ समारोह का समापन होगा। इलेक्ट्रानिक फायर मेकेनिज्म द्वारा नियंत्रित यह आतिशबाजी 400 फिट की ऊंचाई तक होगी जिसे पूरे भोपाल शहर में देखा जा सकेगा।

कार्यक्रम स्थल पर सभी दर्शक आयोजन का प्रसारण विशाल एलईडी स्क्रीन पर भी देख सकेंगे। कार्यक्रम स्थल पर विशिष्ट अतिथियों और पत्रकारगण तथा इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों को सत्कार द्वार से प्रवेश दिया जायेगा। इसके अलावा अन्य नागरिकगण विजय द्वार से समारोह स्थल पर प्रवेश कर सकेंगे।

No comments:

Post a Comment